बैंककर्मी का बड़ा विश्वासघात, 31 महिलाओं की मेहनत की कमाई डकार कर हुआ फरार

बैंककर्मी का बड़ा विश्वासघात, 31 महिलाओं की मेहनत की कमाई डकार कर हुआ फरार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के ईंटखेड़ी इलाके में एक निजी बैंक के रिकवरी एजेंट ने समूह लोन की किस्तें जमा करने के नाम पर 31 महिलाओं के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपी पवन गोस्वामी, जो लोगों की मदद करने के बजाय उनके भरोसे का फायदा उठा रहा था, अब पुलिस की रडार पर है।
भरोसे की आड़ में बड़ी सेंध
इस्लाम नगर स्थित प्राइवेट बैंक की शाखा में रिकवरी का काम संभालने वाले पवन गोस्वामी ने गांव-गांव जाकर महिलाओं का विश्वास जीता। समूह लोन की छोटी-छोटी किस्तों को इकट्ठा करना उसकी जिम्मेदारी थी। लेकिन, सेवा की आड़ में वह पिछले एक साल से काला खेल खेल रहा था।
ऐसे फूटा धोखाधड़ी का घड़ा
शातिर पवन का खेल तब तक चलता रहा जब तक उसने बैंक आना बंद नहीं किया। संदेह होने पर बैंक मैनेजर वसीम कुरैशी ने जब दूसरे कर्मचारियों को गांव भेजा, तो सच जानकर सबके होश उड़ गए। महिलाओं ने बताया कि वे तो समय पर पैसे दे चुकी हैं, जबकि बैंक के रिकॉर्ड में वे डिफॉल्टरदिख रही थीं। महिलाओं ने अपनी मेहनत की कमाई यह सोचकर एजेंट को सौंपी थी कि उनका कर्ज कम हो रहा है, लेकिन पवन ने उनके भरोसे के साथ-साथ उनके सपनों पर भी चोट की।
ईंटखेड़ी पुलिस ने बैंक की शिकायत और शुरुआती जांच के बाद आरोपी पवन गोस्वामी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस की टीमें उसकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।







