
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवपलपमेंट इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A) के 21 सांसदों का प्रतिनिधिमंडल इंफाल पहुंच गया है। ये वहां 30 जुलाई तक रहेगा। ये सांसद पहले जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे। राज्य में तीन महीनों से जारी हिंसा और यहां के लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार और संसद को अपनी राय भी देंगे।
मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में CBI ने शनिवार को FIR दर्ज कर ली। केंद्र सरकार ने 27 जुलाई को मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की बात सुप्रीम कोर्ट को बताई थी। साथ ही हलफनामा दायर कर मामले की सुनवाई मणिपुर से बाहर कराने की अपील भी की थी।
उधर, मणिपुर की राजधानी इंफाल में मैतेई समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन चिन-कुकी नार्को टेररिज्म के खिलाफ किया गया। ऑल कोंगबा रोड यूनाइटेड क्लब्स ऑर्गनाइजेशन के बैनर तले यह प्रोटेस्ट हो रहा है।







