ऐशबाग में तड़के सुबह 4 बजे से प्रशासन का बड़ा एक्शन, 650 जर्जर जनता क्वार्टरों पर चला बुलडोजर , पुलिस बल की भारी तैनाती से छावनी में तब्दील हुआ इलाका, 200 कर्मचारी और 80 मशीनों के साथ ध्वस्तीकरण अभियान शुरू

ऐशबाग में तड़के सुबह 4 बजे से प्रशासन का बड़ा एक्शन, 650 जर्जर जनता क्वार्टरों पर चला बुलडोजर
पुलिस बल की भारी तैनाती से छावनी में तब्दील हुआ इलाका, 200 कर्मचारी और 80 मशीनों के साथ ध्वस्तीकरण अभियान शुरू
भोपाल, यश भारत। शहर के ऐशबाग क्षेत्र में जर्जर जनता क्वार्टरों को ध्वस्त करने के लिए जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई सोमवार तड़के सुबह 4 बजे से शुरू हुई। कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया जिसके चलते ऐशबाग इलाका छावनी में तब्दील नजर आया।
जिला प्रशासन एवं नगर निगम की टीम ने सुबह 5 बजे से जर्जर आवासों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के तहत करीब 650 जर्जर जनता क्वार्टरों को जमींदोज किया जाना है। इस व्यापक कार्रवाई के लिए नगर निगम ने 200 कर्मचारियों की टीम के साथ 80 मशीनें तैनात की हैं। इनमें जेसीबी, पोकलेन और डंपर सहित अन्य संसाधन शामिल हैं। निगम अमला लगातार अभियान में जुटा हुआ है। प्रशासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार दोपहर 2 बजे तक सभी 650 जर्जर आवासों को ध्वस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
रहवासियों के सामान को सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान जिला प्रशासन की ओर से मानवीय पहल भी देखने को मिली। जर्जर आवासों में रहने वाले परिवारों के सामान को सुरक्षित बाहर निकलवाकर नगर निगम के अमले द्वारा निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई, ताकि रहवासियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। पूरे अभियान की लगातार निगरानी पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, कलेक्टर प्रियंक मिश्र और नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार द्वारा की जा रही है। तीनों अधिकारियों के निर्देशन में प्रशासनिक पुलिस और निगम की टीमें समन्वय के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।







