भोपालमध्यप्रदेश

ईओडब्ल्यू ने मोहित गोगिया के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट फर्जी चैट से एसबीआई जीएम से बात का झांसा

लोन सेटलमेंट के नाम पर 10 करोड़ की ठगीः ईओडब्ल्यू ने मोहित गोगिया के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट फर्जी चैट से एसबीआई जीएम से बात का झांसा

तिहाड़ जेल में बंद आरोपी पर कई राज्यों में 10 से अधिक केस

भोपाल, यशभारत। बैंक का लोन सेटल कराने का झांसा देकर 10 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने मुख्य आरोपित मोहित गोगिया के खिलाफ भोपाल की विशेष अदालत में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दिया है। ईओडब्ल्यू की इस कार्रवाई से प्रकरण में आरोपित पर कानूनी शिकंजा और कस गया है।

जानकारी के अनुसार आरोपित मोहित गोगिया ने भोपाल की डेयरी उत्पाद कंपनी गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी को लोन सेटलमेंट के नाम पर भरोसे में लिया और 10 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। आरोपित ने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए फर्जी चैट दिखाई थी, जिसके जरिए यह दावा किया गया था कि उसकी भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की जीएम कुंदन ज्योति से बातचीत हो रही है। हालांकि ईओडब्ल्यू की जांच में बैंक प्रबंधन ने इस तरह की किसी भी बातचीत से स्पष्ट इन्कार किया है। पीड़ित किशन मोदी की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने अगस्त 2025 में मोहित गोगिया, उसकी पत्नी श्वेता गोगिया और कंपनी एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना व आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।

फर्जी ई-एफडीआर और रिश्वत के दावे से सुर्खियों में आया था मामला
यह प्रकरण उस समय और अधिक चर्चा में आया जब इंटरनेट मीडिया पर मोहित गोगिया का कथित बयान वायरल हुआ। इस कथित बयान में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के पूर्व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी  रहे दीपम रायचुरा को भोपाल में शराब की दो दुकानें दिलाने के बदले एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने का जिक्र सामने आया था। साथ ही दुकानों के लिए पौने तीन करोड़ रुपये की फर्जी ई-एफडीआर स्वीकार कराने में सहयोग देने की बात भी कही गई थी। विभागीय जांच में ई-एफडीआर के फर्जी होने की पुष्टि हो चुकी है।

तिहाड़ जेल में बंद है आरोपित, कई राज्यों में केस
आरोपित मोहित गोगिया के खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी के तार कई राज्यों से जुड़े हैं। उसके विरुद्ध दिल्ली, पंजाब और गोवा सहित अन्य राज्यों में ठगी के 10 से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पिछले वर्ष उसे गिरफ्तार किया था और फिलहाल वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में निरुद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button