5700 आबादी बसे होने के बावजूद मास्टर प्लान में खाली जमीन! छावनी पठार में ग्रामीणों का विरोध, देखें वीडियो

5700 आबादी बसे होने के बावजूद मास्टर प्लान में खाली जमीन! छावनी पठार में ग्रामीणों का विरोध, देखें वीडियो
भोपाल, यशभारत। हुजूर तहसील के फंदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत छावनी पठार के ग्रामीणों और पंचायत ने प्रस्तावित भोपाल मास्टर प्लान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर तथा ग्राम निवेश (टीएनसीपी) कार्यालय में सुनवाई के दौरान कड़ा विरोध जताते हुए आपत्ति दर्ज कराई। रहवासियों और पंचायत का कहना है कि दशकों से आबाद और सरकारी योजनाओं का लाभ पा रहे क्षेत्रों को मास्टर प्लान में औद्योगिक क्षेत्र दिखाना जनहित तथा स्थानीय परिवारों के भविष्य और आवासीय सुरक्षा के खिलाफ है।
टीएनसीपी के संयुक्त संचालक को सौंपे गए आपत्ति एवं मांग पत्र में बताया गया है कि प्रस्तावित मास्टर प्लान में ग्राम पंचायत छावनी पठार के खसरा क्रमांक 44, 45, 46, 47, 64, 65, 66, 67 एवं 73 को औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत दर्शाया गया है। आवेदन के अनुसार इन खसरों के क्षेत्रों में वर्तमान में लगभग 5,700 लोग अपने परिवारों सहित निवास कर रहे हैं और पूरा गांव आबाद है।
आवेदन में यह विरोधाभास भी सामने रखा गया है कि आर्थिक एवं जनसांख्यिकी विभाग द्वारा 1 मई से 15 मई 2026 के बीच हुए जनगणना सर्वे में यहां की बसाहट दर्ज है, जबकि नगर तथा ग्राम निवेश विभाग ने इन खसरों को रिक्त भूमि दिखाया है। पंचायत के अनुसार यह प्राचीन गांव आबाद है, जहां खेड़ापति मंदिर सहित पंचायत भवन, शासकीय प्राथमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी, खेल मैदान, सामुदायिक भवन और शांति धाम स्थापित हैं। इसके अलावा 1993 से लगातार आरसीसी सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, नल जल योजना और राशन कार्ड जैसी शासकीय योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों को मिल रहा है।
ग्राम पंचायत छावनी पठार की सरपंच सुलेखा राजपूत के अनुसार 20 अक्टूबर 2026 को हुई ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित करने के बाद 24 अक्टूबर 2026 को खसरा नकल, संबंधित मानचित्र और ग्राम सभा के प्रस्ताव के साथ औपचारिक आपत्ति पत्र प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनकारियों और पंचायत ने मौके पर जमीनी सर्वेक्षण कराने तथा संबंधित खसरों को औद्योगिक उपयोग से हटाकर आवासीय क्षेत्र में शामिल करने की मांग की है।






