Top-5देशमुख्य ख़बरें

घने कोहरे में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, पांच युवकों की मौत, दो गंभीर

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार देर रात घने कोहरे के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अक्सीबड़हरा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार युवक उतरौला की ओर जा रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घना कोहरा होने के कारण सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान किसी राहगीर को बचाने के प्रयास में दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया। दो गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद फारूक (18), सलीम (18), गुफरान (17), तौफीक (19) और फजल मोहम्मद (23) के रूप में हुई है। वहीं मुजम्मिल (22) और नाहिद रजा गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मृतक छप्पर तलवा और आसपास के गांवों के निवासी बताए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button