कानपुर से भोपाल आकर ड्रग्स तस्करी कर रही एम.ए. पास महिला क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ी

कानपुर से भोपाल आकर ड्रग्स तस्करी कर रही एम.ए. पास महिला क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ी
वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास ग्राहक को एमडी सप्लाई करने पहुँची थी तस्कर
गले के दुपट्टे में छिपाकर रखा था 4.66 ग्राम पीला पाउडर, पुलिस ने मोबाइल और ड्रग्स सहित ₹1.35 लाख का मशरूका किया जप्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए क्राइम ब्रांच ने एक सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने कानपुर की रहने वाली एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो एम.ए. पास होने और पत्रकारिता की पृष्ठभूमि होने के बावजूद शहर में ड्रग्स तस्करी के काले कारोबार में लिप्त थी। आरोपी महिला वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे एक निर्माणाधीन इमारत के पास किसी ग्राहक को एमडी ड्रग्स की खेप देने पहुँची थी।
मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से ठोस सूचना मिली थी कि वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास एक संदिग्ध महिला खड़ी है, जिसके पास भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ एमडी मौजूद है और वह ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और हुलिए के आधार पर महिला को दबोच लिया।
दुपट्टे की गांठ में छिपा रखा था नशीला पाउडर
पकड़ी गई महिला से जब पूछताछ की गई और उसकी तलाशी ली गई, तो उसने अपने गले में पड़े दुपट्टे में एक गांठ बांधी हुई थी। जब उस गांठ को खोलकर देखा गया, तो उसमें एक पारदर्शी पन्नी मिली जिसमें पीले रंग का पाउडरनुमा पदार्थ था। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि यह अवैध मादक पदार्थ एमडी है। पुलिस ने उसके कब्जे से 4.66 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए एक मोबाइल फोन भी जप्त किया है। जप्त किए गए कुल मशरूका की कीमत लगभग 1,35,000/- रुपये आंकी गई है।
कानपुर से भोपाल तक फैला नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में आरोपिया ने अपनी पहचान साजिया आलम पिता स्व. मेहबूब आलम, उम्र 33 वर्ष के रूप में बताई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित बेगमगंज चमनगंज की रहने वाली है और वर्तमान में भोपाल के थाना कोहेफिजा अंतर्गत इंद्र विहार कॉलोनी, लालघाटी में निवासरत है। चौंकाने वाली बात यह है कि शैक्षणिक रूप से वह M.A. पास है और पेशे से पत्रकारिता से जुड़ी रही है, लेकिन इसके बावजूद वह नशे के अवैध कारोबार में उतर गई।
क्राइम ब्रांच ने आरोपिया के विरुद्ध धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि वह कानपुर या भोपाल में किस बड़े सप्लायर के इशारे पर यह ड्रग्स सप्लाई कर रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।







