
धान खरीदी से पहले सक्रिय होंगे उड़नदस्ते
दूसरे जिलों से आने वाली उपज पर रहेगी नजर
अवैध भंडारण और परिवहन पर होगी कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश
कटनी, यशभारत। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही जिले में अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने की तैयारी कर ली है। खास तौर पर दूसरे जिलों से धान लाकर कटनी के उपार्जन केंद्रों में बेचने की कोशिशों को रोकने के लिए उड़नदस्ते तैनात किए जाएंगे।
सोमवार को समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने संबंधित एसडीएम के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल गठित करने के निर्देश दिए। इन दलों में राजस्व, खाद्य और कृषि उपज मंडी के अधिकारी शामिल रहेंगे। दल जिले के प्रमुख मार्गों, वन एवं खनिज जांच नाकों पर निगरानी के साथ पेट्रोलिंग भी करेंगे।
प्रशासन की नजर केवल अवैध परिवहन पर ही नहीं, बल्कि धान के व्यापार में सक्रिय दलालों और बिचौलियों पर भी रहेगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि उपार्जन केंद्रों में जिले के किसानों की उपज ही खरीदी जाए, ताकि समर्थन मूल्य का लाभ वास्तविक किसानों को मिल सके। अवैध परिवहन में पकड़े जाने वालों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत जुर्माना लगाने के साथ पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मंडी शुल्क और निराश्रित शुल्क की चोरी रोकने की जिम्मेदारी भी उड़नदस्तों को सौंपी जाएगी।







