मास्टर प्लान-2047 पर व्यापारियों ने उठाईं छह प्रमुख मांगें 12 मीटर से कम चौड़ी सड़कों पर बाजारों को मार्केट स्ट्रीट घोषित करने की मांग, कन्वर्जन फीस 5% एकमुश्त करने का प्रस्ताव

मास्टर प्लान-2047 पर व्यापारियों ने उठाईं छह प्रमुख मांगें
12 मीटर से कम चौड़ी सड़कों पर बाजारों को मार्केट स्ट्रीट घोषित करने की मांग, कन्वर्जन फीस 5% एकमुश्त करने का प्रस्ताव
भोपाल,यश भारत। भोपाल विकास योजना-2047 के प्रारूप को लेकर भोपाल व्यापारी महासंघ ने 16 नवंबर को होने वाली सुनवाई के मद्देनजर अरेरा कॉलोनी स्थित एक निजी होटल में व्यापारी संगठनों के अध्यक्षों एवं व्यापारियों की बैठक आयोजित की। बैठक में मध्यप्रदेश नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 की धारा 18(1) सहपठित धारा 23(2) के तहत प्रकाशित विकास योजना के प्रारूप पर विस्तृत चर्चा कर आपत्तियां एवं सुझाव तैयार किए गए। महासंघ ने छह प्रमुख मांगें रखीं। पहली भू-उपयोग परिवर्तन की कन्वर्जन फीस अधिकतम 5 प्रतिशत एकमुश्त निर्धारित हो तथा कोई वार्षिक या आवर्ती शुल्क न लगाया जाए। दूसरी, फीस जमा करने के बाद पूर्ण कमर्शियल FAR दिया जाए। तीसरी अरेरा कॉलोनी को आराजी-3 से पृथक कर आरजी-1 श्रेणी में शामिल किया जाए। चौथी 12 मीटर से कम चौड़ी सड़कों पर वर्षों से कारोबार कर रहे लगभग 40 हजार व्यापारियों के बाजारों को मार्केट स्ट्रीट घोषित किया जाए, ताकि वे वर्तमान स्थान पर व्यापार जारी रख सकें। पांचवीं नगर निगम द्वारा जारी सीलिंग संबंधी नोटिस और भविष्य की सीलिंग कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। छठवीं सड़क की चौड़ाई के आधार पर मिलने वाली व्यावसायिक अनुमतियां खाली प्लॉटों पर भी समान रूप से लागू हों। महासंघ अध्यक्ष आनंद सोनी ने कहा कि मास्टर प्लान में स्थापित बाजारों और पुराने व्यापारिक प्रतिष्ठानों के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए। बैठक में तय किया गया कि सभी सुझाव एवं आपत्तियां 16 नवंबर की सुनवाई में प्रस्तुत की जाएंगी।







