कटनी

जंगली सूअर के मांस की खरीद-फरोख्त पर वन विभाग की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

कटनी/शाहनगर, यशभारत।
दक्षिण पन्ना वनमंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र शाहनगर में जंगली सूअर के मांस की खरीद-फरोख्त के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वन अमले ने पहले एक आरोपी को करीब 1.5 किलोग्राम जंगली सूअर के मांस के साथ पकड़ा था, जबकि जांच के दौरान मांस बेचने वाले दूसरे आरोपी की पहचान कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को वन परिक्षेत्र शाहनगर की सुनपुरा बीट के वन कक्ष क्रमांक पी-939 में वन अमला नियमित गश्त कर रहा था। इसी दौरान मवेशी चरा रहे एक व्यक्ति को समझाइश दी जा रही थी, तभी बोरी लेकर गुजर रहे एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। वन कर्मचारियों ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। मुस्तैद वन अमले ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लवकुश आदिवासी, पिता हुकुम आदिवासी, निवासी ग्राम परासी, तहसील शाहनगर बताया। उसके पास मौजूद बोरी की तलाशी लेने पर मांस के टुकड़े बरामद हुए, जिन्हें आरोपी ने जंगली सूअर का मांस बताया। आरोपी को वन परिक्षेत्र कार्यालय लाकर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 50(8) के तहत बयान दर्ज किया गया। बयान में लवकुश ने बताया कि उसने करीब 1.5 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस ग्राम परासी निवासी शिवचरण आदिवासी से 200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से कुल 300 रुपये में खरीदा था। इसके बाद 7 नवंबर को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जांच में सामने आया दूसरे आरोपी का नाम

प्रकरण की आगे की जांच, आरोपी के बयान एवं शिनाख्त के आधार पर वन विभाग ने मांस बेचने के कथित आरोपी शिवचरण आदिवासी, पिता फुल्ला आदिवासी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसे 14 नवंबर को न्यायालय पवई में पेश किया गया, जहां से उसे भी जेल भेज दिया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में बीटगार्ड ओमनारायण प्रजापति सुनपुरा, बीट प्रभारी आशीष कुमार पाण्डेय रेगुवां, परिक्षेत्र सहायक श्रीनिवास पाण्डेय टिकरिया, वनपाल चंद्रप्रकाश शर्मा टिकरिया, वनरक्षक रजनीश दुबे कुनिया, बीटगार्ड हर्ष बृजपुरिया ढेसाई एवं वनरक्षक राहुल जैन हरदुआ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग की इस कार्रवाई से वन्यजीवों के अवैध शिकार एवं उनके मांस की खरीद फरोख्त के विरुद्ध विभाग की सक्रियता सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button