कटनी

ज्वेलरी शो रूम में चोरी के पीछे बाहरी गेंग का हाथ, बदमाशों ने रैकी के बाद दिया वारदात को अंजाम, दूसरे राज्यों की खाक छान रही पुलिस की कई टीमें, खंगाले जा रहे सीसीटीव्ही फुटेज, साक्ष्यों की पड़ताल

कटनी, यशभारत। बरगवां स्थित किसना ज्वेलर्स में बुधवार-गुरूवार की दरम्यानी रात हुई चोरी की वारदात प्रदेश की बड़ी घटनाओं में शामिल हो गई है। यही कारण है कि वारदात को लेकर संभाग से लेकर राजधानी स्तर तक हडक़म्प मचा हुआ है। पुलिस के लिए पहल चुनौती चोरों का पता लगाना है। अभी तक केवल यह पता चल पाया है कि इस वारदात में किसी बाहरी गेंग का हाथ है, जिसने कटनी आकर इस वारदात को अंजाम दिया। कटनी आकर उन्होंने बकायदा रैकी की और इसके बाद गैस सिलेंडर, कटर खरीदकर अन्य सामान जुटाकर वारदात को अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक अज्ञात बदमाशों ने डेढ़ से दो घंटे के भीतर इस घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद से पुलिस की अलग-अलग टीमें चोरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है। सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर चोरों की पतासाजी की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर भी पड़ताल की जा रही है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की रिपोर्ट और मौके पर डॉग स्कवाड से मिले क्लू के आधार पर पुलिस इस चोरी की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। पूरे ऑपरेशन की कमान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा खुद संभाल रहे है। टीम में माधवनगर के साथ ही कोतवाली, कुठला, रंगनाथ नगर और एनकेजे थाना प्रभारियों के साथ ही अन्य पुलिस कर्मियों को भी शामिल किया गया है। टीमों को जबलपुर और यूपी तरफ रवाना किया गया है। इस मामले में शोरूम संचालक रजनीकांत बजाज की रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध किया है लेकिन अभी तक चोरी गई ज्वेलरी की कीमत की जानकारी सामने नहीं आई है।
बड़े प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
किसना डायमंड एंड ज्वेलरी शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की चोरी ने न केवल पुलिस महकमे को चुनौती दी है, बल्कि बड़े प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी रोड पर अन्य ज्वेलरी शोरूम भी है। इससे पहले मणप्पुरम गोल्ड से करीब 16 किलो सोने की डकैती ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी। वर्ष 2022 में माधवनगर क्षेत्र स्थित संगीता ज्वेलर्स से करीब 3 करोड़ रुपये के चोरी की वारदात भी सामने आई थी। पिछले वर्ष इसी क्षेत्र में बैंक का एटीएम उखाडक़र ले जाने की घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। इन घटनाओं के बीच किसना ज्वेलर्स में हुई करोड़ों की चोरी ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि बड़े प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में छोटी-सी चूक भी कितनी भारी पड़ सकती है।
करोड़ों के गहने शो-केस में, लॉकर तक नहीं
चोर शोरूम से करीब 10 से 15 करोड़ रुपये के सोने और डायमंड के आभूषण समेटकर ले गए। वारदात की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे शोरूम की सुरक्षा में बरती गई कई गंभीर लापरवाहियां सामने आ रही हैं। इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू शोरूम के भीतर की सुरक्षा व्यवस्था है। जिस प्रतिष्ठान में करोड़ों रुपये के सोने और डायमंड के आभूषण रखे जाते थे, वहां रात में कीमती जेवरात सुरक्षित रखने के लिए स्ट्रॉन्ग रूम या लॉकर की व्यवस्था नहीं थी। बताया जा रहा है कि कर्मचारी और संचालक रात में भी करोड़ों के गहनों को सामान्य कांच के शो-केस में ही छोडक़र चले जाते थे। ऐसे में दीवार तोडक़र अंदर पहुंचे चोरों को जेवरात समेटने में ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। इस खुलासे ने ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के निर्धारित मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शोरूम संचालक मोहन बजाज के अनुसार दीपावली के कारण सामान्य दिनों की तुलना में अधिक स्टॉक रखा गया था। चोरी गए आभूषणों की शुरुआती कीमत करीब 10 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। संचालक ने बताया कि जेवरों का बीमा था और शोरूम में तिजोरी या लॉकर नहीं रखा गया था। बताया जा रहा है कि अलार्म बजने के बावजूद सुरक्षा गार्ड ने सूचना नहीं दी।
कमजोर दीवार बनी चोरों के लिए रास्ता
जांच में सामने आया है कि शोरूम के पिछले हिस्से में महज नौ इंच की सामान्य ईंट की दीवार थी। इसके ठीक पीछे लाल पहाड़ी का खुला क्षेत्र, घना जंगल और बड़ी-बड़ी झाडिय़ां हैं। दिन के उजाले में भी इस क्षेत्र में आसानी से छिपा जा सकता है। रात के समय यहां रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी। चोरों ने इसी सूनसान और अंधेरे इलाके का फायदा उठाया और दीवार में बड़ा छेद कर शोरूम के भीतर प्रवेश कर लिया। सामने की ओर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे लेकिन पीछे का हिस्सा लगभग असुरक्षित छोड़ दिया गया था।
दो दिन पहले ही खरीदे थे गैस सिलेंडर
चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पीछे पहुंचे थे। शोरूम के खदान और कब्रिस्तान है। ऐसे में इधर से लोगों की आवाजाही बेहद कम होती है। इसी का फायदा उठाकर चोर पीछे पहुंचे। रात करीब दो बजे शोरूम के पीछे की दीवार काटी। नीचे पत्ते बिछाए, ताकि दीवार टूटने के बाद ईंटें गिरने पर आवाज न हो। चोर गैस कटर और सिलेंडर भी साथ लाए थे। जांच में पता चला है कि बदमाशों ने दो दिन पहले बस स्टैंड स्थित एक दुकान से सिलेंडर खरीदे थे। खरीदारी के दौरान फर्जी आईडी दी थी। टूलकिट सहित अन्य सामान भी एक-दो दिन पहले ही खरीदे। पुलिस को घटनास्थल के पीछे से गैस कटर में इस्तेमाल होने वाला सिलेंडर, नए पेंचकस, पाना और अन्य औजार मिले हैं। इन्हें जब्त कर जांच में शामिल किया गया है। औजारों की बरामदगी से साफ है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। पुलिस ने गैस सिलेंडर की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए संबंधित सप्लायर को भी घटनास्थल पर बुलाकर पूछताछ की है।
वारदात के बाद वक्त बजा था अलार्म
शोरूम की सुरक्षा में बड़ी चूक भी सामने आई है। बदमाश जब शोरूम में घुसे, तब अलार्म बजा लेकिन सुरक्षा गार्ड भागवत तिवारी ने इसे चूहों की वजह से बजना समझा। गार्ड का तर्क है कि पहले भी चूहों के कारण कई बार अलार्म बज चुका है, इसलिए इस बार भी अनदेखी की हालांकि पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है। अलार्म बजने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं होने से चोरों को वारदात अंजाम देने का मौका मिल गया। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसी द्वारा तैनात गार्ड के प्रशिक्षण और उसकी जिम्मेदारी निभाने के तरीके पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
लाल पहाड़ी में चप्पे-चप्पे की खाक छानी एसपी ने
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और एएसपी कमल मौर्य सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर करीब चार घंटे तक रहकर बारीकी से जांच की। एसपी ने किसना ज्वेलर्स के पीछे लाल पहाड़ी में डॉग स्कवाड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और पुलिस टीम के साथ कई घंटे तक मुआयना किया।
सीसीटीवी में दिखा आरोपी, आधा दर्जन संदेही चिन्हित
पुलिस जांच में शोरूम के एक सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध आरोपी कैद हुआ है। इसके अलावा शहर के विभिन्न मार्गों और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की आवाजाही और वारदात से जुड़े घटनाक्रम की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर गठित चार विशेष टीमें चिन्हित आधा दर्जन संदेहियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आधा दर्जन संदेहियों को चिन्हित किया है। उनकी तलाश में अलग-अलग स्थानों पर टीमें रवाना की गई हैं।
सूनसान इलाके का उठाया फायदा
शोरूम के पीछे का इलाका सूनसान है। यहां खदान और कब्रिस्तान होने के कारण रात के समय लोगों की आवाजाही नहीं के बराबर रहती है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पीछे की तरफ से शोरूम में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। सूनसान क्षेत्र होने के कारण बदमाशों को चोरी के दौरान किसी की नजर में आने का डर भी कम रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button