तेंदुए के हमले के बाद बाग मुगालिया ईकोलॉजिकल पार्क में वॉक पर लगी रोक, ट्रैप कैमरों से निगरानी

तेंदुए के हमले के बाद बाग मुगालिया ईकोलॉजिकल पार्क में वॉक पर लगी रोक, ट्रैप कैमरों से निगरानी
भोपाल। राजधानी के बाग मुगालिया स्थित ईकोलॉजिकल पार्क में 16 वर्षीय किशोर पर तेंदुए के हमले की सनसनीखेज घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। सुरक्षा के मद्देनजर पार्क में सुबह और शाम की वॉक (मॉर्निंग व ईवनिंग वॉक) पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। वहीं क्षेत्र में टाइगर मूवमेंट की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पार्क के समीप तेंदुए के हमले में किशोर के सीने पर गहरे घाव आए थे, जिसे तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही डीएफओ लोकप्रिय भारती के निर्देशन में समरधा रेंज की वन टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की।
डीएफओ लोकप्रिय भारती ने स्वयं ईकोलॉजिकल पार्क का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। तेंदुए और अन्य वन्यजीवों की गतिविधि व पगमार्क को ट्रेस करने के लिए पार्क और आसपास के जंगली इलाके में 10 से 15 नाइट विजन ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही ड्रोन और वन कर्मियों की विशेष टीमों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है।
वन विभाग ने बाग मुगालिया और कटारा हिल्स से सटी कॉलोनियों के रहवासियों से अपील की है कि वे अकेला बाहर न निकलें और सतर्कता बरतें। अधिकारियों का कहना है कि जब तक सर्चिंग पूरी तरह मुकम्मल नहीं हो जाती और वन्यजीव की स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक आम जनता का पार्क में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।







