मासूम के कत्ल के खौफ से उबरे भी नहीं थे कि बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, जेवर लूटे

वाजपेयी नगर मल्टी फिर लहूलुहान: मासूम के कत्ल के खौफ से उबरे भी नहीं थे कि बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, जेवर लूटे
भोपाल, यश भारत। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र स्थित वाजपेयी नगर मल्टी एक बार फिर सनसनीखेज वारदात से दहल उठी है। मल्टी के ब्लॉक नंबर ए-2 के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाली बुजुर्ग महिला करेली प्रजापति पति रामचरण प्रजापति की अज्ञात बदमाशों ने गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी और उनके शरीर से सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। सबसे बड़ा और गंभीर सवाल यह है कि जिस मल्टी में महज दो साल पहले एक मासूम बच्ची के साथ ऐसी ही वीभत्स घटना हो चुकी हो, वहां आज भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं हैं?
दरवाजा खुला मिलने पर हुआ खुलासा
पड़ोसियों के मुताबिक, बुजुर्ग महिला करेली प्रजापति का दरवाजा काफी देर तक खुला हुआ था और वह बाहर नहीं आईं। शक होने पर जब पड़ोसी अंदर गए, तो उनका शव बाथरूम में मिला। मृतका के कानों और मुंह से खून आ रहा था। उनके कानों से झुमके और अन्य जेवर जबरन खींचे जाने के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि बदमाशों ने लूटपाट के विरोध करने पर या पहचान छिपाने की नीयत से इस नृशंस हत्याकांड को अंजाम दिया। मृतका अपने मूक-बधिर बेटे के साथ इस फ्लैट में रहती थीं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवाकर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
दो साल पुराना वह काला साया: जब मासूम की लाश टंकी में मिली थी
वाजपेयी नगर मल्टी के निवासियों के जेहन से अभी तक दो साल पुरानी उस खौफनाक घटना की यादें धुंधली भी नहीं पड़ी हैं। ठीक इसी मल्टी के एक अन्य ए1 ब्लॉक में सितंबर 2024 में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने बच्ची के शव को पानी की प्लास्टिक की टंकी में छिपा दिया था,और पुलिस व 5 थानों की टीमों को घंटों तक गुमराह किया गया था। उस दर्दनाक कांड के बाद प्रशासन और पुलिस ने मल्टी में सुरक्षा के कड़े दावे किए थे, लेकिन समय के साथ वह दावे कागजों तक ही सीमित रह गए।
बार-बार क्यों सुलग रहा है अपराध का यह केंद्र?
लगातार हो रही इन गंभीर वारदातों ने वाजपेयी नगर मल्टी की आंतरिक सुरक्षा, बाहरी असामाजिक तत्वों की आवाजाही और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते मल्टी में पुलिस चौकी या नियमित बीट पेट्रोलिंग जैसी पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई, तो बदमाश इसी तरह बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते रहेंगे।







