किन्नर अखाड़ा की गुरु हेमांगी सखी बनाएंगी ‘शंकराचार्य गुरुकुलम’,’यशभारत’ मुंबई कार्यालय में हुआ आगमन

मुंबई, यशभारत। दैनिक ‘यशभारत’ के कार्यालय में पहुंचीं वैष्णव किन्नर अखाड़े की प्रमुख जगतगुरु किन्नर शंकराचार्य स्वामी हेमांगी सखी ने किन्नर समाज में जबरन वसूली, मारपीट और कथित धर्मांतरण के दबाव को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने राज्य सरकार से इन मामलों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की। उनका आरोप है कि समाज के कुछ गुट बधाई के नाम पर जबरन वसूली कर रहे हैं और विरोध करने वालों के साथ मारपीट की जा रही है। नासिक और पुणे की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई तथा फर्जी किन्नरों की पहचान कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।
हेमांगी सखी ने किन्नर समाज के शैक्षणिक और आध्यात्मिक उत्थान के लिए ‘शंकराचार्य गुरुकुलम’ शुरू करने की योजना भी साझा की। उन्होंने बताया कि इस गुरुकुल में महिला, पुरुष और तृतीय लिंग के लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। यहां गीता, भागवत और संगीत शास्त्र के अध्ययन के साथ आधुनिक शिक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि युवा शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की उम्र से ही धर्म के मार्ग पर चल रही हैं। वृंदावन में शास्त्रों का अध्ययन करने के बाद भागवत कथा और सत्संग के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया। भोपाल में आयोजित किन्नर सम्मेलन में संतों और करीब 500 किन्नर साधु-संतों की उपस्थिति में उन्हें संन्यास दंड प्रदान किया गया और प्रथम शंकराचार्य घोषित किया गया। आगामी नासिक सिंहस्थ कुंभ के मद्देनजर उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धोखाधड़ी रोकने के लिए किन्नर अखाड़ों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा टोल फ्री नंबर जारी करने की योजना बताई। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिकृत अखाड़ों में पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लेने की अपील की।
‘यशभारत’ की पूरी टीम को हेमांगी सखी का आशीर्वाद

वैष्णव किन्नर अखाड़े की प्रमुख हेमांगी सखी ने ‘यशभारत’ के प्रमुख और पूरी टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ‘यशभारत’ समाचार पत्र ने उन्हें और पूरे किन्नर समाज को सम्मानजनक स्थान दिया है। उन्होंने टीम को साधुवाद देते हुए कामना की कि ‘यशभारत’ की यश और कीर्ति देश-विदेश में इसी तरह फैलती रहे।







