परवलिया सड़क पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

परवलिया सड़क पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के परवलिया सड़क थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ लाख रुपए कीमत की एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स के अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपए है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 अक्टूबर की रात थाना परवलिया सड़क पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक सिल्वर रंग की टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मुबारकपुर इलाके से गुजरने वाले हैं और उनके पास अवैध एमडी ड्रग्स है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा के नेतृत्व में पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया और बायपास रोड मुबारकपुर के पास तुरंत घेराबंदी की गई। रात्रि करीब 01:40 बजे मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार संदिग्ध मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखे। पुलिस को सामने देखकर दोनों ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी तरुण सराठे के कब्जे से 12.63 ग्राम एमडी ड्रग्स पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1,50,000 रुपए है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी तरुण सराठे पुत्र संतोष सराठे उम्र 24 साल और अखिलेश मेहरा पुत्र श्रीकिशन उर्फ मुन्ना उम्र 24 साल, दोनों निवासी छावनी पठार, थाना बिलखिरिया, जिला भोपाल के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।जांच में सामने आया है कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। तरुण सराठे पर थाना बिलखिरिया में मारपीट व आर्म्स एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं, जबकि अखिलेश मेहरा के खिलाफ थाना बिलखिरिया में मारपीट के कुल 4 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।







