तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर : हेलमेट के कारण बची 2 की जान

सागर, यशभारत l नवनिर्मित फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसा टल गया, जब एक अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार कोमल अहिरवार और अमन अहिरवार (निवासी धुरमार दलपतपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि दोनों युवकों ने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें नहीं आईं और उनकी जान बाल-बाल बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 का स्टाफ—आरक्षक देवेंद्र यादव और पायलट हरिराम अहिरवार—तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ पहुँचाया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर उठे सवाल
गौरतलब है कि हाल ही में इसी नवनिर्मित फोरलेन पर हुए एक अन्य सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने स्थानीय नागरिकों में रोष पैदा कर दिया है और सड़क सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम कसने की मांग की है।







