भोपालमध्यप्रदेश

भोपाल जिला अदालत के बाहर तमाशा: हथकड़ी लगे आरोपी की खातिरदारी, पुलिस अभिरक्षा पर खड़े हुए बड़े सवाल

भोपाल जिला अदालत के बाहर तमाशा: हथकड़ी लगे आरोपी की खातिरदारी, पुलिस अभिरक्षा पर खड़े हुए बड़े सवाल

भोपाल, यशभारत। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कस्टडी के दावों की भोपाल जिला अदालत के बाहर उस वक्त पोल खुल गई, जब पुलिस अभिरक्षा में मौजूद एक हथकड़ी लगे आरोपी का वीडियो सामने आया। इस वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूरी तरह बेफिक्र होकर खुलेआम सिगरेट पीता और मोबाइल फोन पर मजे से बातचीत करता नजर आ रहा है।

यह पूरा घटनाक्रम शनिवार का बताया जा रहा है,जिसका वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ते देख हर कोई हैरान है।

इस मामले ने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर पुलिस कस्टडी में बंद गंभीर मामलों या पेशी पर लाए जाने वाले आरोपी तक सिगरेट और मोबाइल फोन जैसी चीजें कैसे पहुंच गईं? उसे इसका इस्तेमाल करने की खुली छूट किसने दी। वीडियो सामने आने के बावजूद अब तक पुलिस कमिश्नरेट या स्थानीय अधिकारियों की ओर से न तो कोई आधिकारिक बयान आया है और न ही इस लापरवाही पर किसी तरह की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। आरोपी की सुरक्षा और निगरानी के लिए मौके पर तैनात पुलिसकर्मी किस थाने या बल से संबंधित हैं, इसकी भी अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। कस्टडी के दौरान इस तरह की खुला छूट मिलना अपराधियों के हौसले बढ़ाने और महकमे की साख पर बड़ा बट्टा लगाता दिख रहा है। अब देखना यह होगा कि इस वायरल वीडियो के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या एक्शन लिया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button