तीन हजार स्वयंसेवकों ने कदमताल कर दिया अनुशासन का संदेश, देखे वीडियो…..

जबलपुर, यशभारत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महाकोशल प्रांत के युवा स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन शनिवार को संपन्न हुआ। इसमें महाकोशल प्रांत के 34 जिलों से आए 3,185 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। 16 से 32 वर्ष आयु वर्ग के स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासन, एकरूपता और संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया। शिविर में करीब 500 प्रबंधक भी विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
महाकोशल प्रांत के युवाओं का तीन दिवसीय शिविर 22 अक्टूबर की शाम जबलपुर स्थित श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रारंभ हुआ था। शिविर का औपचारिक उद्घाटन 23 अक्टूबर को किया गया। शनिवार को शिविर के तीसरे दिन पथ संचलन निकाला गया। यह शाम 3:30 बजे श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज से प्रारंभ होकर केशरवानी कॉलेज पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। संचलन में स्वयंसेवकों की समान गति, अनुशासित कदमताल और एकरूपता देखने को मिली।
20 मंचों से विशिष्टजनों ने देखा संचलन
पथ संचलन के अवलोकन के लिए शहर में 20 मंच बनाए गए थे। इन मंचों पर विभिन्न जाति-बिरादरी, भाषा-समुदाय, कृषक वर्ग सहित समाज की अलग-अलग श्रेणियों के गणमान्य नागरिकों और विशिष्टजनों को आमंत्रित किया गया था। बड़ी संख्या में नागरिक भी संचलन देखने पहुंचे। उपस्थित लोगों ने स्वयंसेवकों के अनुशासन, शारीरिक दक्षता और सामूहिकता की सराहना की।
25 अक्टूबर को युवाओं को मार्गदर्शन देंगे डॉ. मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जबलपुर पहुंच चुके हैं। वे 25 अक्टूबर को शिविर में शामिल होकर दो सत्रों में युवा स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे। शिविर का समापन रविवार शाम प्रात्यक्षिक कार्यक्रम के बाद होगा।
संघ के इस युवा एकत्रीकरण का उद्देश्य स्वयंसेवकों में अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा के भाव को सुदृढ़ करना है। महाकोशल प्रांत के विभिन्न जिलों से आए युवाओं की सहभागिता के बीच आयोजित पथ संचलन ने सामूहिक प्रयास और संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया।







