नगर निगम के दावों की खुली पोल, राहगीर जान जोखिम में डालकर निकलने को मजबूर

सुभाष नगर ब्रिज पर जलभराव: नगर निगम के दावों की खुली पोल, राहगीर जान जोखिम में डालकर निकलने को मजबूर
भोपाल,यश भारत। राजधानी के व्यस्ततम मार्गों में शुमार सुभाष नगर ब्रिज इन दिनों बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही का मुकम्मल आईना बन चुका है। ब्रिज पर नाले का गंदा पानी फैल जाने के कारण यह महत्वपूर्ण मार्ग आवागमन के लायक नहीं बचा है। हालात यह हैं कि रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले हजारों दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को गंदे पानी के बीच से होकर अपनी जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है।
स्थानीय रखरखाव और सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल
ब्रिज के ऊपर जलभराव की यह समस्या कोई नई नहीं है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के सुस्त रवैये के कारण यह नासूर बन चुकी है। नाले की समय पर सफाई और मॉनिटरिंग न होने से जल निकासी के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं। रहवासियों का कहना है कि जरा सी चूक या वाहन का संतुलन बिगड़ने पर बड़ा हादसा हो सकता है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं।
शहर को स्मार्ट बनाने और विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले नगर निगम के नुमाइंदे इस गंभीर समस्या से पूरी तरह आंखें मूरे बैठे हैं। जनता को यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर इस प्रकार की बुनियादी और गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें और कितने हादसों या परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।







