कटंगी से पाटन आ रही थी शराब की खेप, नाली में फंसी कार से खुला राज, 599 पाव शराब जब्त

जबलपुर, यश भारत। पाटन थाना पुलिस ने ग्राम छितुरहा में बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार से 599 पाव अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब और कार की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटंगी की ओर से एक बिना नंबर की कार में अवैध शराब भरकर पाटन की तरफ लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम छितुरहा में दबिश दी, जहां संदिग्ध कार क्षतिग्रस्त हालत में नाली में फंसी मिली।
कार की तलाशी लेने पर एक कार्टून में गोवा रम के 49 पाव अंग्रेजी शराब और 11 कार्टून में 550 पाव देशी शराब मिली। वाहन के अंदर एमपी 20 एक्सई 7680 नंबर लिखी दो नंबर प्लेट भी रखी थीं। पुलिस ने शराब, कार और नंबर प्लेट जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पाटन थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, आरक्षक धनंजय मिश्रा और अनुराग रैकवार की भूमिका रही। पुलिस फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।







