Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

खड़े हाइवा में घुसा टमाटर से भरा पिकअप, सड़क पर बिखरे टमाटर तो मची लूट

जबलपुर,यश भारत। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के खजरी खिरिया बाईपास पर देर रात टमाटर से भरा एक पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े हाइवा से टकरा गया। हादसे में पिकअप चालक और कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में भरे टमाटर सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, सड़क पर टमाटर बिखरे देखकर वहां से गुजर रहे लोग उन्हें समेटकर ले जाने लगे। 

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन छिंदवाड़ा से टमाटर लेकर कटनी जा रहा था। देर रात जब वाहन खजरी खिरिया बाईपास से गुजर रहा था, तभी रास्ते में खराब होने के कारण एक लोडेड हाइवा खड़ा था। इसी दौरान पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सीधे हाइवा से जा टकराया। अचानक हुई इस टक्कर से पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें रखे टमाटर सड़क पर फैल गए।

हादसे में पिकअप चालक और कंडक्टर को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के चलते मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर टमाटर बिखरे होने के कारण वहां से गुजरने वाले लोगों की नजर भी घटनास्थल पर पड़ने लगी। हादसे के बाद एक तरफ घायल चालक और कंडक्टर को अस्पताल पहुंचाने की कवायद चल रही थी, वहीं दूसरी ओर सड़क पर बिखरे टमाटरों को उठाने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। हाईवे से गुजर रहे कुछ लोगों ने अपने वाहन रोककर टमाटर समेटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कई लोग टमाटर उठाकर ले जाने लगे और मौके पर लूट जैसी स्थिति बन गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button