रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल हत्याकांड की जांच के लिए बनेगी एसआईटी

रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल हत्याकांड की जांच के लिए बनेगी एसआईटी
– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए निर्देश, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच पर जोर
भोपाल, यश भारत । सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता दिखाते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करने को कहा है। फिलहाल मामले की जांच भोपाल पुलिस कर रही है।
गत 30 सितंबर को भोपाल में हुई राकेश अग्रवाल की हत्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों में चिंता है। इसी सिलसिले में बुधवार शाम मध्यप्रदेश आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में डॉ. यादव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने का आग्रह किया।
प्रशासनिक समुदाय में चिंता
एसोसिएशन ने ज्ञापन में कहा कि इस घटना से प्रदेश के प्रशासनिक समुदाय के साथ ही समाज में भी गहरी चिंता व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को पारदर्शी तरीके से निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए, ताकि जांच को लेकर उठ रही चिंताओं का निराकरण हो सके। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव सहित आईएएस वीएस चौधरी कोलसानी आदि अधिकारी शामिल थे।







