Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

मझौली हादसे के बाद अस्पताल में हंगामा, मुआवजे और बिजली विभाग पर एफआईआर की मांग, देखे वीडियो —

जबलपुर,यशभारत। मझौली थाना क्षेत्र के नरीला तालाब के पास दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। गुरुवार सुबह मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार, जय मां ज्वाला दुर्गा उत्सव महाकाली समिति की प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जाई जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में नीचे झुके 11 केवी बिजली के तार और प्रतिमा के सहारे लगे लोहे के पाइप के संपर्क में आने से करंट फैल गया। हादसे में प्रिंस चौहान (19), निवासी शंकरगढ़ कॉलोनी, मझौली और विकास राजपूत (23), निवासी मझौली की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में अंकुश राजपूत, आयुष राय, विक्की रैकवार और सक्षम साहू सहित अन्य लोग घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए जबलपुर के अस्पतालों में भेजा गया।

1792652756 karant.jpg

विधायक अजय विश्नोई ने जताया शोक, कार्रवाई की मांग

गुरुवार सुबह घटनास्थल और अस्पताल के आसपास बने तनावपूर्ण माहौल के बीच पाटन विधायक अजय विश्नोई भी पहुंचे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं प्रकट कीं। विधायक ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक अजय बिश्नोई ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ जल्द एफआईआर दर्ज होगी। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल

हादसे के बाद मझौली के शासकीय अस्पताल में बिजली और चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता को लेकर भी नाराजगी सामने आई। आरोप है कि आपात स्थिति के दौरान अस्पताल में पर्याप्त बिजली व्यवस्था और जिम्मेदार चिकित्सा स्टाफ उपलब्ध नहीं था। इसको लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताया।

1792652915 05

मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की। गुरुवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल रोड पर बैरिकेड्स लगाकर चक्काजाम का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button