भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

रानी कमलापति स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस में पैंट्री वेंडर्स की गुंडागर्दी, दूध लेने उतरे बेंगलुरु के यात्री को पीटा; तीन संदिग्ध हिरासत में

रानी कमलापति स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस में पैंट्री वेंडर्स की गुंडागर्दी, दूध लेने उतरे बेंगलुरु के यात्री को पीटा; तीन संदिग्ध हिरासत में

भोपाल, यशभारत। दिल्ली सराय रोहिल्ला से यशवंतपुर जा रही ट्रेन नंबर 12214 एसी दुरंतो एक्सप्रेस में मंगलवार शाम रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। ट्रेन के स्टेशन पर रुकने के दौरान दूध लेने के लिए कोच से नीचे उतर रहे बेंगलुरु के एक 22 वर्षीय यात्री के साथ पैंट्री वेंडर्स ने सरेआम मारपीट की। इस घटना के बाद प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और वेंडर्स की दबंगई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अरमान खान (22) बेंगलुरु का रहने वाला है। मंगलवार शाम जब दुरंतो एक्सप्रेस रानी कमलापति स्टेशन पहुँची, तो वह अपनी बोगी से दूध लेने के लिए नीचे उतर रहा था। उसी समय पैंट्री वेंडर्स ट्रेन में खाने का सामान चढ़ा रहे थे, जिससे बोगी का गेट और रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था और अरमान को निकलने में परेशानी हो रही थी।

जब अरमान ने वेंडर्स द्वारा रास्ता रोके जाने का विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद आधा दर्जन वेंडर्स ने मिलकर उसे एसी कोच से नीचे खींच लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हंगामे के दौरान वहाँ मौजूद अन्य यात्रियों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

आमला में दर्ज हुई थी FIR, जीआरपी ने 3 संदिग्धों को लिया हिरासत में
रानी कमलापति स्टेशन के जीआरपी थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि पीड़ित यात्री ने पहले आमला में इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई थी। वहाँ से डायरी ट्रांसफर होकर आने के बाद रानी कमलापति जीआरपी थाने में असल कायमी की गई है। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात वेंडर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध वेंडर्स को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी भी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रीमियर ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दुरंतो जैसी प्रीमियम और एक्सप्रेस ट्रेनों में इस तरह की हिंसक घटनाएं रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती हैं। यात्रियों का कहना है कि जब इस श्रेणी की ट्रेनों में लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम ट्रेनों के हालात का अंदाज़ा आसानी से लगाया जा सकता है। घटना के समय मौके पर एक महिला पुलिसकर्मी के नजर आने की बात सामने आई है, लेकिन आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अधिकारियों की वास्तविक भूमिका और उनकी समय पर प्रतिक्रिया को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार है। इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा और वेंडर्स के बेकाबू रवैये पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button