दशहरा व मूर्ति विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जबलपुर,यश भारत

जबलपुर,यश भारत। आगामी दशहरा पर्व और मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण तथा सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने विसर्जन घाटों का दौरा कर तैयारियों का व्यापक निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीमें सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजामों में जुटी हुई हैं। उद्देश्य यह है कि स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के हर्षोल्लास के साथ त्यौहार मना सकें। निरीक्षण के दौरान नगर निगम द्वारा बनाए गए कृत्रिम कुंडों और घाटों की साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया। विसर्जन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा सकेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम को स्टैंडबाय पर रखा जाएगा। इसके अलावा, मूर्तियों के सुरक्षित और आधुनिक तरीके से विसर्जन के लिए घाटों पर क्रेन की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए आश्वस्त किया है कि पर्व को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी टीम मुस्तैदी से तैनात है।







