बैरागढ़ इलाके के खंडहर में मिला 12 साल की बच्ची का शव

बैरागढ़ इलाके के खंडहर में मिला 12 साल की बच्ची का शव
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बैरागढ़ इलाके में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पन्नी बीनकर अपना जीवन बसर करने वाली 12 साल की मासूम मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई है। उसका शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक वीरान खंडहर से बरामद किया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और लोगों में गहरा आक्रोश है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका मुस्कान बैरागढ़ फाटक रोड के पास स्थित झुग्गी बस्ती में रहती थी और परिवार का हाथ बंटाने के लिए पन्नी बीनने का काम करती थी। परिजनों ने बताया कि वह पिछली रात करीब 8 बजे घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका के चलते देर रात बैरागढ़ थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ ही घंटों बाद बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे बने एक सुनसान और वीरान खंडहर में मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही बैरागढ़ एसीपी और थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।







