ओबीसी आरक्षण पर दामोदर यादव का हल्लाबोल, शिवराज, कृष्णा गौर के बंगले घेरने निकले कार्यकर्ता

ओबीसी आरक्षण पर दामोदर यादव का हल्लाबोल, शिवराज, कृष्णा गौर के बंगले घेरने निकले कार्यकर्ता
27% आरक्षण लागू करने की मांग पर भोपाल में प्रदर्शन, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका; आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भोपाल यश भारत। ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर आजाद समाज पार्टी ने भोपाल में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता ओबीसी अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने और 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन का नेतृत्व दामोदर यादव ने किया। कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मंत्री कृष्णा गौर के बंगले का घेराव करने के लिए निकले लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरक्षण के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ओबीसी अभ्यर्थियों को उनका हक मिलना चाहिए और 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। इस दौरान आरक्षण को लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई।
दामोदर यादव की दो टूक , मांग पूरी नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन
दामोदर यादव ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू नहीं किया गया तो भोपाल को जंतर मंतर बना दिया जाएगा। उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर आर पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान करते हुए आंदोलन को और तेज करने की बात कही।
पुलिस की बैरिकेडिंग के बीच हुए इस प्रदर्शन से राजधानी में ओबीसी आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया। आजाद समाज पार्टी ने स्पष्ट किया कि ओबीसी अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के जरिए पार्टी ने सरकार पर मांगों को गंभीरता से लेने का दबाव बनाने की कोशिश की।







