नहर में डूबे 10 वर्षीय आशीष का तीसरे दिन भी सुराग नहीं, थाने के सामने धरने पर बैठे परिजन

जबलपुर,यशभारत। खमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरगी बांध की उमरिया नहर में डूबे 10 वर्षीय आशीष ठाकुर का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। मंगलवार को भी बच्चे का पता नहीं चलने से आक्रोशित परिजन खमरिया थाने के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान हंगामे और चक्काजाम की स्थिति बनने की सूचना पर रांझी सीएसपी सतीश साहू मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, पिपरिया वार्ड क्रमांक 79 के टोपला मोहल्ले के कुछ बच्चे दो दिन पहले नहाने के लिए उमरिया नहर पहुंचे थे। इसी दौरान 10 वर्षीय आशीष ठाकुर गहरे पानी में डूब गया। उसके साथ मौजूद अन्य बच्चे घबराकर घर लौट आए, लेकिन उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को नहीं दी। बाद में एक कबाड़ी के माध्यम से बच्चे के नहर में डूबने की खबर परिजनों तक पहुंची। घटनास्थल पर आशीष के जूते और हाथ का कड़ा मिलने के बाद परिवार को अनहोनी की आशंका हुई और उसकी तलाश शुरू कराने की मांग उठाई गई।
समय पर रेस्क्यू नहीं कराने का आरोप
आशीष की मां पूजा ठाकुर और अन्य परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद शुरुआती समय में तलाश को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिजनों का कहना है कि समय रहते गोताखोरों और पर्याप्त बचाव संसाधनों की व्यवस्था की जाती तो तलाश में तेजी आ सकती थी। उनका आरोप है कि थाने पहुंचकर दबाव बनाने के बाद ही खोजबीन का अभियान शुरू हुआ। परिजनों ने मांग की है कि आधुनिक उपकरणों और पनडुब्बी की मदद से बच्चे की तलाश कराई जाए।
एसडीआरएफ और पुलिस चला रही तलाश अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और बचाव दल तलाश में जुटे हैं। सीएसपी सतीश साहू के अनुसार, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम लगातार सर्चिंग अभियान चला रही हैं। पानी का बहाव दूसरी दिशा में अधिक होने के कारण बच्चे को खोजने में परेशानी आ रही है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जल्द से जल्द बच्चे का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है।







