पंडालों में अग्नि दुर्घटना से बचाव के रहें इंतजाम, कुठला थाने में शांति समिति की बैठक

कटनी, यशभारत। नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कुठला थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान नवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने को लेकर चर्चा की गई। थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने उपस्थित लोगों से शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने तथा पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना एवं पंडालों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करनेए ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों एवं अनुमति के अनुसार करने तथा धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही दुर्गा पंडालों एवं धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने की बात कही गई। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या विवाद उत्पन्न करने वाले संदेश प्रसारित नहीं करने की अपील की। बैठक में क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों ने सहभागिता की।







