Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

दुर्गा प्रतिमा के दर्शन कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में पाटन बायपास पर मौत

जबलपुर, यशभारत। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के पाटन बायपास के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ग्राम सूखा निवासी आदित्य कोल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया।

दुर्गा प्रतिमा के दर्शन कर लौट रहे थे युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सूखा निवासी आदित्य कोल अपने दोस्तों के साथ दुर्गा प्रतिमा के दर्शन करने के लिए निकला था। दर्शन करने के बाद देर रात सभी बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे माढ़ोताल थाना क्षेत्र के पाटन बायपास के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर ही थम गई आदित्य की सांसें

हादसे में आदित्य कोल को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। एक ओर जहां साथी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है, वहीं आदित्य की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

इस हादसे के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और स्कॉर्पियो से संबंधित अन्य तथ्यों की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button