अवैध प्रदर्शनियों पर पुलिस का कड़ा रुख, होगी सीधे कार्रवाई

भोपाल में अवैध प्रदर्शनियों पर पुलिस का कड़ा रुख, होगी सीधे कार्रवाई
भोपाल,यशभारत। राजधानी भोपाल में बिना पुलिस व प्रशासन की अनुमति के प्रदर्शनी (एग्जिबिशन) का आयोजन करने वालों के खिलाफ पुलिस अब सख्त कानूनी कदम उठाने जा रही है। उप पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में बिना अनुमति आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और उनमें सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उप पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, पुलिस कमिश्नर कार्यालय में पिछले कुछ समय से ऐसी शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें एग्जिबिशन के दौरान युवतियों से छेड़छाड़ और अभद्रता की घटनाएं सामने आई हैं। इन शिकायतों को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि बिना अनुमति इस तरह के आयोजन करने वाले आयोजकों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, प्रदर्शनी स्थलों पर महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले मनचलों और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वारदात पर पुलिस तत्काल और कठोरतम कार्रवाई करेगी।







