Top-5कटनीजबलपुरदेशभोपालमंडलामध्यप्रदेशमुख्य ख़बरेंमुंबई

घंटाघर पर किसानों का रातभर डेरा, कक्कड़ भर्ता बनना शुरू,एक सड़क बंद; मांगें नहीं मानीं तो रातभर चलेगा प्रदर्शन

हनुमान चालीसा के पाठ के बाद आंदोलनकारियों ने संभाला मोर्चा,

हनुमान चालीसा के पाठ के बाद आंदोलनकारियों ने संभाला मोर्चा, 

जबलपुर, यश भारत। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर घंटाघर चौक पर बुधवार को करणी सेवा के नेतृत्व में शुरू हुआ धरना देर शाम तक बड़े प्रदर्शन में बदल गया। जिले की अलग-अलग तहसीलों से पहुंचे किसान संगठनों के कार्यकर्ता घंटाघर पर डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने अब रातभर धरना जारी रखने का ऐलान किया है। आंदोलन के बीच घंटाघर चौक पर किसानों के लिए कक्कड़ भर्ता बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई, जिससे धरना स्थल पर रातभर रुकने की तैयारी का अंदाजा लगाया जा रहा है। धरना स्थल पर किसानों और करणी सेवा के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आंदोलन जारी रखने का संकल्प जताया। प्रदर्शन के चलते घंटाघर की एक सड़क को बंद कर दिया गया है, जबकि पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस लगातार व्यवस्था संभाल रही है।

किसानों का आरोप है कि धान खरीदी केंद्रों और वेयरहाउस में शासन के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि इन समस्याओं को लेकर वे पूर्व में कलेक्टर के माध्यम से कई बार ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। किसान और करणी सेवा के कार्यकर्ता कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के लिए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घंटाघर चौक पर ही रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपर कलेक्टर से बातचीत की। उन्हें बताया गया कि किसानों की मांगों को लेकर भोपाल स्तर पर चर्चा चल रही है।

इधर, प्रदर्शनकारियों ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगों पर निर्णय नहीं होता, धरना जारी रहेगा। कक्कड़ भर्ता बनाने की शुरुआत और रातभर रुकने की तैयारी के साथ घंटाघर चौक अब किसानों के आंदोलन का केंद्र बन गया है। कंट्रोल रूम के सामने भी प्रदर्शन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। आंदोलनकारियों ने जिले के अन्य तहसीलों के किसानों से भी धरने में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button