भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

शिक्षिका पर अत्याचार और अवैध वसूली का आरोप: छात्राओं का आरोप – प्रोजेक्ट के नाम पर मांगे 2500 रुपए, मना करने पर पाईप से पीटा

शिक्षिका पर अत्याचार और अवैध वसूली का आरोप: छात्राओं का आरोप – प्रोजेक्ट के नाम पर मांगे 2500 रुपए, मना करने पर पाईप से पीटा

भोपाल, यसभारत। राजधानी के मिसरोद स्थित नवीन हायर सेकंडरी स्कूल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब 11वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं अपनी ही साइंस टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। करीब चार घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल प्रशासन और शिक्षिका बबीता कुशवाह पर गंभीर आरोप लगाए।

छात्रों का आरोप है कि शिक्षिका उनसे पढ़ने के बजाय स्कूल की सफाई, बेंच जमाने और रोल नंबर लिखने जैसे गैर-शिक्षण कार्य करवाती हैं। मना करने पर उन्हें फेल करने की धमकी दी जाती है और लोहे के पाइप से पिटाई की जाती है। विद्यार्थियों का यह भी कहना है कि प्रोजेक्ट के नाम पर हर महीने 2500-2500 रुपये मांगे जा रहे हैं, जिसके चलते कई बच्चे पढ़ाई छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं।

ऑडियो क्लिप और विभागीय जांच
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने एक ऑडियो क्लिप भी पेश किया, जिसमें पास-फेल कराने और रुपयों के लेन-देन की बात कही जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने ऑडियो की सत्यता की जांच करने की बात कही है। दूसरी ओर, आरोपी शिक्षिका ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे 30 साल से पढ़ा रही हैं और बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए अनुशासन व सख्ती जरूरी है।

डीईओ का एक्शन, शिक्षिका का ट्रांसफर
स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे मिसरोद थाना इंचार्ज और स्कूल प्राचार्य के समझाने पर भी छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। आखिरकार जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने आरोपी शिक्षिका बबीता कुशवाह का स्थानांतरण बागरोदा हायर सेकंडरी स्कूल करने का आदेश जारी किया और मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी। इसके बाद ही विद्यार्थियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button