ऑटो चालक से मारपीट कर ऑटो लूटने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

ऑटो चालक से मारपीट कर ऑटो लूटने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना अयोध्यानगर पुलिस ने देर रात ऑटो चालक को निशाना बनाकर मारपीट करने और ऑटो व मोबाइल लूटने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत का लूटा गया ऑटो और एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, फरियादी अरमान निवासी अब्बास नगर, गांधी नगर रात में ऑटो चलाने का काम करता है। 3 अक्टूबर की देर रात निजामुद्दीन पिपलानी के पास से एक युवक ने ऑटो बुक किया और अयोध्या नगर सी-सेक्टर से अपने साथी को साथ लेकर भानपुर चलने को कहा। रास्ते में सुनसान व अंधेरी जगह पहुंचते ही दोनों युवकों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और लात मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपी ऑटो लेकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपियों का पीछा शुरू किया। पता चला कि आरोपी बिलखरिया से कुदावल की तरफ भागे हैं। रास्ते में ऑटो का सीएनजी खत्म हो जाने के कारण आरोपी उसे सड़क किनारे अंधेरे में चालू करने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। आरोपी सुमित मेहतर ने अपने मौसेरे भाई सुमित उज्जैनवाल के साथ मिलकर ऑटो को अशोकनगर ले जाकर बेचने की योजना बनाई थी। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे पहले भी इस तरह की लूट का प्रयास कर चुके हैं।







