कटनी

नाली के अंदर से निकली पानी की पाइप लाइन, घरों में गंदे पानी की आपूर्ति, इंदौर हादसे के बाद भी नगर निगम ने नहीं लिया सबक

कटनी, यशभारत। ऐसा लगता है कि नगर निगम के अधिकारियों ने कुछ समय पहले इंदौर में हुए हादसे के बाद भी कोई सबक नहीें लिया है। इंदौर में गंदे पानी की आपूर्ति के बाद कई लोगों की मौत से हडक़म्प मच गया था लेकिन इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी सतर्क नहीं हुए। अब नगर निगम के जलप्रदाय विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक तरफ अमृत योजना के तहत शहर के कई वार्डों में नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ पुरानी पाइप लाइन की तरफ नगर निगम के अधिकारियों का ध्यान नहीं है। ताजा मामला आदर्श कॉलोनी रोड पर पुराने रोजगार दफ्तर के सामने का है। यहां नालियों के नीचे से होकर पाइप लाइन निकली हुई है। बताया जा रहा है कि नाली के अंदर से निकलने और कई जगह से टूट-फूट होने के कारण घरों में गंदा पानी आ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यह स्थिति पिछले कई दिनों से बनी हुई है लेकिन नगर निगम जलप्रदाय विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं है। गौरतलब है कि अमृत योजना के तहत सरकार से प्रदत्त करोड़ों रूपए की राशि से शहर के कई वार्डों में नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है। पुरानी पाइप लाइन को अलग करते हुए यह काम कराया जा रहा है। लोगों का कहना है कि नई पाइप लाइन बिछाने के साथ जिन क्षेत्रों में पुरानी पाइप लाइन बदहाल हालत में है, वहां भी नगर निगम को ध्यान देना चाहिए लेकिन अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं है। चांडक चौक ढलान पर नाली के अंदर से निकली पाइप लाइन की वजह से लोगों को गंदा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि नगर निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के नाम पर 246 रूपए प्रतिमाह जलशुल्क वसूल किया जा रहा है लेकिन इसके एवज में नागरिकों को गंदे पानी की आपूर्ति की जा रही है। क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाते हुए पाइप लाइन में सुधार की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button