ब्याज की ‘खूनी वसूली’: कुल्हाड़ी से काटकर बुजुर्ग की हत्या: 3 आरोपी सलाखों के पीछे…. देखें पूरा वीडियो

सतना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय रमाशंकर गर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह करीब 30 हजार रुपये के कर्ज और उस पर तय ब्याज को लेकर चल रहा विवाद था। मामले में सचिन रैकवार, नीरज रैकवार और अंकित रैकवार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को रमाशंकर गर्ग के नए मकान से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रमाशंकर की मौत हत्या से होने की पुष्टि हुई। जांच में हत्या की अवधि 14 से 15 सितंबर के बीच सामने आई और शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित रैकवार ने करीब दो वर्ष पहले रमाशंकर गर्ग से 30 हजार रुपये उधार लिए थे। रकम के ब्याज को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक इसी लेनदेन को लेकर रमाशंकर ने न्यायालय में मामला भी दर्ज कराया था। इसी विवाद के चलते 15 सितंबर की रात सचिन, नीरज और अंकित रमाशंकर के घर पहुंचे, जहां कहासुनी के बाद उन पर हमला कर दिया गया।
हत्या के बाद आरोपी वहां से चले गए। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस ने वारदात से जुड़े तथ्य सामने आने का दावा किया, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, चाकू और एक लोटा बरामद किया है। मामले की जांच जारी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव पाण्डेय एवं सीएसपी मनीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति विश्वकर्मा के नेतृत्व में की गई।







