युवक के बैंक खाते से निकाले 64 हजार, कैमोर में ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला

कटनी, यशभारत। कैमोर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठग द्वारा कथित रूप से 64 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस के अनुसार नन्हवाराकला निवासी 25 वर्षीय अंकित कुमार बर्मन ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने छल कपट और धोखाधड़ी के माध्यम से उसके बैंक खाते से अनधिकृत रूप से राशि निकाल ली। खाते से रुपये कटने की जानकारी मिलने के बाद पीडि़त ने कैमोर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। फरियादी की शिकायत पर कैमोर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना प्रधान आरक्षक संतोष कटारिया द्वारा की जा रही है। पुलिस साइबर सेल की मदद से बैंक खाते और संबंधित लेनदेन की जानकारी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रांजैक्शन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक, एटीएम, डेबिट, क्रेडिट कार्ड की जानकारी या अन्य बैंकिंग विवरण साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी पुलिस थाने को भी सूचना दें।






