भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

अमित शाह के भोपाल दौरे पर आज शाम से रुट डायवर्ट, कल भेल क्षेत्र पूरी तरह नो-एंट्री ज़ोन

अमित शाह के भोपाल दौरे पर आज शाम से रुट डायवर्ट, कल भेल क्षेत्र पूरी तरह नो-एंट्री ज़ोन

भोपाल, यशभारत। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय भोपाल दौरे को लेकर राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। गृह मंत्री 2 अक्टूबर की रात 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और होटल ताज में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 3 अक्टूबर को वे भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय गोपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इस हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और सुचारू आवाजाही के लिए पुख्ता प्लान तैयार किया है। शुक्रवार 2 अक्टूबर शाम 6 बजे से ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया जाएगा, जबकि शनिवार को भेल और आसपास के इलाकों में भारी व व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

कहाँ से निकलें, कहाँ पाबंदी?

1. लालघाटी  व बाहरी बसों के कटे रास्ते

सीहोर और उज्जैन मार्ग: इन रास्तों से आने वाली यात्री बसों को हलालपुर बस स्टैंड पर ही रोक दिया जाएगा। इन्हें लालघाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
राजगढ़-ब्यावरा मार्ग: इस तरफ से आने वाली बसें मुबारकपुर और खजूरी बायपास से होकर गुजरेंगी।
जबलपुर, होशंगाबाद व सागर मार्ग: होशंगाबाद-छिंदवाड़ा की बसें 11 मील-हबीबगंज नाका-ISBT होकर चलेंगी, जबकि सागर-छतरपुर की बसों को पटेल नगर बायपास का रूट दिया गया है।

2. भारी वाहनों के लिए रिंग-रूट तय

कमर्शियल और भारी वाहनों को शहर के भीतरी हिस्सों से दूर रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। इन्हें भदभदा चौराहा, मैनिट, नेहरू नगर, नीलबड़, नाथू बरखेड़ा, मुगालिया छाप और खजूरी रोड होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।

3. भेल क्षेत्र में शनिवार को विशेष व्यवस्था

3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक अन्नानगर, करियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, भेल गेट नंबर-6 और सिक्योरिटी लाइन चौराहे के आसपास भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। सम्मेलन में आने वाली बसों के लिए भेल गेट नंबर-6 और जंबूरी मैदान में पार्किंग व्यवस्था की गई है।

> आपातकालीन राहत:ट्रैफिक पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य इमरजेंसी वाहनों पर कोई डायवर्जन नियम लागू नहीं होगा। रात में दबाव बढ़ने पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जा सकता है।

भोपाल से ही उज्जैन को 255 करोड़ के अत्याधुनिक डेयरी प्लांट की सौगात

सम्मेलन के दौरान अमित शाह मध्य प्रदेश सहकारी दुग्ध महासंघ द्वारा उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक डेयरी प्लांट का डिजिटल भूमिपूजन भी करेंगे।
इस परियोजना के लिए 170 करोड़ रुपये राज्य सरकार अनुदान के रूप में दे रही है। शुरुआत में 3 लाख लीटर प्रतिदिन दूध प्रोसेसिंग की क्षमता होगी, जिसे बढ़ाकर 5 लाख लीटर तक किया जा सकेगा।
प्लांट में रोजाना 1.5 लाख लीटर पैक्ड मिल्क, 25 हजार लीटर दही, 10 हजार लीटर लस्सी/छाछ और 10 मीट्रिक टन घी का उत्पादन होगा।

अपने प्रवास के दौरान शाह मध्य प्रदेश के गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर अहम समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके बाद 3 अक्टूबर की रात 8 बजे वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

 

1790926124 WhatsApp Image 2026 10 02 at 12.06.03

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button