मध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

1 से 14 अक्टूबर तक अग्निवीर भर्ती का महाकुंभ, 11 हजार युवाओं का लगेगा जमावड़ा

सागर, यशभारत l शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में 1 से 14 अक्टूबर तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद भर्ती रैली में सागर, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, छतरपुर, दतिया, टीकमगढ़, निवाड़ी और श्योपुर सहित 10 जिलों के करीब 11 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन और सेना ने समन्वय के साथ कार्य शुरू कर दिया है।

​बुधवार को कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया ने सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर के कर्नल पंकज कुमार के साथ भर्ती स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

​आईडी स्कैनिंग से लेकर रनिंग ट्रैक का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अभ्यर्थियों की आईडी कार्ड स्कैनिंग, रजिस्ट्रेशन सेल, बायोमेट्रिक व्यवस्था और टी-शर्ट वितरण प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके साथ ही शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए तैयार किए गए रनिंग ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। कलेक्टर ने सेना अधिकारियों को परिसर में स्वच्छता, पेयजल और पर्याप्त शौचालयों की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

​24 घंटे उपलब्ध रहेगी मेडिकल टीम और एंबुलेंस

आपात स्थिति से निपटने के लिए भर्ती स्थल पर 24 घंटे मेडिकल टीम, जीवनरक्षक दवाइयां और एंबुलेंस तैनात रहेंगी। अभ्यर्थियों तक महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर पहुँचाने के लिए बेहतर साउंड एवं अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जा रहा है।

​ठहरने, भोजन और वापसी के लिए परिवहन व्यवस्था

अन्य जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रुकने और भोजन-नाश्ते का प्रबंध किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए बसों और अन्य साधनों की विशेष व्यवस्था रहेगी।

​सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम

एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि अभ्यर्थियों की भारी आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और परिसर के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button