बेखौफ लुटेरे: सरेराह महिला पर झपटे दो बदमाश, जेवर छीनकर पलक झपकते हुए रफूचक्कर…. देखें पूरा वीडियो

घटना सीसीटीवी में कैद, क्षेत्र में हड़कंप
सागर, यशभारत। शहर के व्यस्ततम कटरा बाजार क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया है। दो अज्ञात युवकों द्वारा एक जैन महिला के पहने हुए सोने के जेवर जबरन छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित जैन महिला कटरा बाजार क्षेत्र से गुजर रही थीं, तभी घात लगाए बैठे दो अज्ञात युवकों ने उन्हें निशाना बनाया। आरोपियों ने महिला को झपट्टा मारकर उनके सोने के आभूषण जबरन छीन लिए और पलक झपकते ही मौके से रफूचक्कर हो गए। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपी
घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध युवक महिला से झपटमारी कर भागते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के हुलिए की पहचान की जा रही है और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





