महाघेराव : नगर निगम गेट पर जमा हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, जन समस्याओं को लेकर भारी आक्रोश, पुलिस बल मौजूद

कटनी, यशभारत। शहर में व्याप्त जन समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस सड़क पर उतर आई है। बड़ी तादात में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता नगर निगम के गेट पर पहुंचकर घेराव कर रहे है। आंदोलनकारियों का नेतृत्व प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष यश घनघोरिया, युवा का कांग्रेस के प्रदेश सचिव अंशु मिश्रा, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या रांधेलिया और जिलाध्यक्ष मोहम्मद इजराइल कर रहे है।
जिन समस्याओं को लेकर महाघेराव किया जा रहा है, उनमें सीवर लाइन, पार्किंग, कमीशनखोरी, जर्जर सड़के, बिजली, सफाई और पानी से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता गणेश चौक पर एकत्रित हुए तथा दिलबहार चौक, सुभाष चौक होते हुए नगर निगम गेट पर पहुंचे। इस बीच अमीरगंज गौशाला की बदहाली को लेकर जनता और विपक्षी दलों में भारी गुस्सा देखने मिल रहा है। आन्दोलन को देखते हुए नगर निगम परिसर में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मुख्य द्वारों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। लगातार बनते दबाव और प्रदर्शन की उग्रता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह बैकफुट पर नज़र आ रहा है।
जिस गौशाला कांड पर अफसर और जनप्रतिनिधि 48 घंटे से चुप्पी साधे बैठे थे, अब विरोध प्रदर्शन के डर से निगम कार्यालय के दरवाजे बंद करने की नौबत आ गई है। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेताओं का साफ कहना है कि नगर निगम द्वारा संचालित गौशाला अब यातनागृह बन चुकी है। चारे और पानी के बजट में बंदरबांट कर बेजुबान गायों को तिल-तिल मरने के लिए छोड़ दिया गया। मांग की गई है कि गौशाला में मवेशियों के भोजन, इलाज और साफ-सफाई की व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम गेट के भीतर सांकेतिक रूप से मटके फेंके, कमीशनखोरी का विरोध करते हुए सूटकेश उछाले।








