भोपाल में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, केरोसिन की मौजूदगी से गहराया प्रताड़ना व हत्या का संदेह

भोपाल में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, केरोसिन की मौजूदगी से गहराया प्रताड़ना व हत्या का संदेह
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बिलखिरिया थाना अंतर्गत चार नंबर कोकता इलाके में एक नवविवाहिता की आग से झुलसकर हुई दर्दनाक मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। 23 वर्षीय पूजा अहिरवार की शनिवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत के बाद मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए मामले को हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या करार दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दो वर्ष पूर्व लव मैरिज करने वाली पूजा करीब एक महीने की गर्भवती थी। परिजनों का आरोप है कि अंतरजातीय या अपनी पसंद से विवाह करने के कारण ससुराल पक्ष के लोग उसे शुरू से ही प्रताड़ित करते थे। पूजा के भाई रवि अहिरवार का दावा है कि पूजा का पति अशोक अहिरवार आए दिन शराब के नशे में उसके साथ मारपीट और बदसलूकी करता था।
गुरुवार रात घटी इस घटना को लेकर शुरुआती दौर में बिस्तर के पास रखी अगरबत्ती से आग फैलने की बात सामने आई थी। हालांकि, घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मायके पक्ष ने दावा किया है कि वहां से केरोसिन (मिट्टी का तेल) मिला है, जिससे आग लगने की वजह पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूजा की मां ने भी बेटी द्वारा समय-समय पर ससुराल में दी जाने वाली मानसिक व शारीरिक यातनाओं की बात पुलिस को बताई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिलखिरिया पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्य, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों को आधार बनाकर कार्रवाई की जाएगी। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि क्या यह महज एक हादसा था या फिर प्रताड़ना के बाद रची गई कोई साजिश।






