मध्यप्रदेश में राजनीतिक विकल्प के तौर पर विद्वान जनता पार्टी की एंट्री , 30 सितंबर से सदस्यता अभियान, 15 प्रमुख वादों के साथ जनता के बीच जाएगी पार्टी,
मध्यप्रदेश में राजनीतिक विकल्प के तौर पर विद्वान जनता पार्टी की एंट्री
30 सितंबर से सदस्यता अभियान, 15 प्रमुख वादों के साथ जनता के बीच जाएगी पार्टी
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश में राजनीतिक विकल्प के तौर पर सामने आई विद्वान जनता पार्टी ने अब संगठन विस्तार की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने प्रदेश में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए 30 सितंबर से सदस्यता अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करने की तैयारी है।
विद्वान जनता पार्टी की ओर से कहा गया है कि पार्टी अपने 15 प्रमुख वादों को लेकर जनता के बीच पहुंचेगी। पार्टी का फोकस प्रदेश के विभिन्न वर्गों तक अपनी नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाने पर रहेगा। सदस्यता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं और नए सदस्यों को पार्टी की विचारधारा एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।

पार्टी ने टिकट वितरण को लेकर भी अपनी प्राथमिकता स्पष्ट की है। विद्वान जनता पार्टी का कहना है कि चुनाव में पढ़े लिखे योग्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी रखने वाले लोगों को अवसर देने पर जोर रहेगा। पार्टी ने भाई-भतीजावाद के खिलाफ भी साफ संदेश देते हुए कहा है कि संगठन में रिश्तेदारी के बजाय योग्यता और जनसेवा को प्राथमिकता दी जाएगी।
पार्टी नेतृत्व के मुताबिक सदस्यता अभियान के बाद संगठन को प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों में विस्तार देने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। इसके जरिए स्थानीय स्तर पर सक्रिय लोगों को जोड़कर मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करने की योजना है।







