मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
सतना में कक्षा 8वीं तक स्कूल बंद

जबलपुर , यश भारत । मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले बंगाल की खाड़ी से बने मौसमी सिस्टम ने एक बार फिर बारिश का दौर तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 13 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, दमोह, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट शामिल हैं। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने भिंड, दतिया, निवाड़ी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और पांढुर्णा में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश हो सकती है।प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर समेत अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम के बदले मिजाज के चलते प्रशासन को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सतना में कक्षा 8वीं तक स्कूल बंद
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सतना कलेक्टर ने 25 और 26 सितंबर को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इसमें सरकारी, निजी, केंद्रीय और अन्य सभी स्कूल शामिल हैं। प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।







