Top-5जबलपुरधर्म ज्योतिषमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

अनंत चतुर्दशी पर नम आंखों से दी गणपति बप्पा को विदाई, देखे वीडियो ……

जबलपुर,यश भारत। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ… के जयघोष के बीच संस्कारधानीवासियों ने शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी पर भगवान गणेश को नम आंखों से विदाई दी। शहरभर में घरों और गणेश पंडालों में विराजित प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला सुबह से शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। हनुमानताल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया। विसर्जन स्थलों पर दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम शनिवार को भी जारी रहेगा।

शहर के ग्वारीघाट स्थित मुख्य विसर्जन कुंड, तिलवाराघाट विसर्जन कुंड, भेड़ाघाट, सरस्वती घाट, लम्हेटाघाट सहित अन्य प्रमुख विसर्जन स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ गणेश प्रतिमाएं लेकर पहुंचे। कई स्थानों पर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। विसर्जन स्थलों के आसपास लगातार गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे।

भटौली स्थित विसर्जन कुंड में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिमाएं लेकर पहुंचे। गीताधाम के पास छोटी प्रतिमाएं लेकर आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए व्यवस्था की गई थी। यहां से श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ प्रतिमाएं लेकर कुंड तक पहुंचे। वहीं बड़ी प्रतिमाओं को वाहन सहित विसर्जन स्थल तक ले जाने की अनुमति दी गई।

शहर में धूमधाम से निकलेगा चल समारोह

अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शहर में गणेश प्रतिमाओं का चल समारोह भी निकाला जाएगा। नगर निगम चौक तीनपत्ती से शुरू होने वाला चल समारोह मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लॉर्डगंज चौराहा, जवाहरगंज, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा, कोतवाली और घोड़ानक्काश होते हुए हनुमानताल पहुंचेगा। चल समारोह के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा गणेश प्रतिमाओं का स्वागत किया जाएगा।

रांझी में शाम को निकलेगा चल समारोह

रांझी के बड़ा पत्थर क्षेत्र से शाम को गणेश प्रतिमाओं का चल समारोह निकाला जाएगा। इसमें करीब 20 प्रतिमाएं शामिल होंगी। विभिन्न मार्गों से होता हुआ चल समारोह इंजीनियरिंग कॉलेज तालाब, गोकलपुर पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा। समारोह को लेकर क्षेत्र में भी उत्साह का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button