शराब की अवैध बिक्री को लेकर महिलाओं ने हाथों में लाठी-डंडा लेकर घेरा कलेक्ट्रेट, जोरदार नारेबाजी के बीच किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

कटनी, यशभारत। शहर सहित समूचे जिले में शराब की अवैध रूप से खुलेआम बिक्री और चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं के विरोध में आज कुठला बस्ती एवं अन्य क्षेत्रों से बड़ी तादात में महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में लाठी डंडा लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची महिलाओं का साफ कहना था कि अवैध शराब की बिक्री करने वालों पर पुलिस यदि कार्रवाई नहीं करती है तो फिर उन्हें ही आगे आना होगा। महिलाओं ने दो टूक कहा कि पुलिस कार्रवाई मात्र दिखावा है। कार्रवाई के बाद भी अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के हौंसले बुलंद हैं। वे बस्तियों में खुल्लम खुल्ला शराब की बिक्री कर रहे हैं। महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि शराब की पेकारी बन्द नहीं कराई गई तो वे अब ऐसा करने वालों से खुद निपटेगी। प्रदर्शन के दौरान डीएसपी शिवा पाठक एवं डीएसपी रत्नेश मिश्रा ने ज्ञापन लेते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
निवार में जुआ फड़ का संचालन
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ ए के खान ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि निवार पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम टेढ़ी में जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। गांव का युवा जुआ फड़ में जाकर बर्बाद हो रहा है। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं कि जा रही। उन्होंने बरगवां शराब दुकान के बाजू से धार्मिक स्थल की मौजूदगी का मुद्दा उठाते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही है। धार्मिक स्थल से सटकर संचालित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करवाना चाहिए।
बढ़ती आपराधिक वारदातों से दहशत
इस अवसर पर चैतराम पटेल ने शहर की।क़ानून व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आए दिन चाकूबाजी की घटनाएं हो रही है। आपराधिक तत्वों में पुलिस का कोई ख़ौफ़ नहीं रह गया है। खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जिससे आमजन दहशत में है। कुठला बस्ती में पिछले दिनों हुई चाकूबाजी की घटना के आरोपी फरार है। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे। इस अवसर पर देवीदीन पटेल, डॉ बी के पटेल सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।






