इश्क की “तालिबानी” सजा: सिवनी के युवक की मंडला में नृशंस हत्या,तार से बांधा, करंट दौड़ाया; 21 दिन जिंदगी से लड़कर हारा युवक

मंडला, यशभारत। नैनपुर थाना क्षेत्र के खिरसारू गांव में युवक-युवती को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट करने और बिजली के तार से करंट लगाने के मामला के उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक अभिषेक धुर्वे की नागपुर में इलाज के दौरान 16 सितंबर को मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस ने मर्ग जांच को हत्या के प्रकरण में बदलते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक मामले में तकनीकी साक्ष्य, प्रत्यक्ष बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना 26 अगस्त की है। नैनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि खिरसारू गांव में एक युवक और युवती खेत में घायल अवस्था में अलग-अलग स्थानों पर पड़े हैं। दोनों के बीच करीब 100 से 200 मीटर की दूरी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नैनपुर अस्पताल में भर्ती कराया। युवती होश में थी और बयान देने की स्थिति में थी, जबकि अभिषेक की हालत गंभीर होने के कारण वह ठीक से अपनी बात नहीं बता पा रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभिषेक मूल रूप से सिवनी जिले का रहने वाला था और युवती से मिलने खिरसारू गांव आया था। पुलिस के अनुसार दोनों को गांव के कुछ लोगों ने एक साथ देख लिया। उनके मिलने पर आपत्ति जताते हुए आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद युवक-युवती को बिजली के तार से बांधकर करंट लगाया गया। गंभीर हालत में दोनों को खेत में अलग-अलग जगह छोड़ दिया गया और आरोपी वहां से चले गए।
घटना के बाद युवती ने शुरुआती बयान में करंट लगाए जाने की जानकारी दी थी, लेकिन उस समय घटना की पूरी तस्वीर सामने नहीं आई थी। एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा के अनुसार जांच आगे बढ़ने पर युवती के बयान और अन्य साक्ष्यों से घटनाक्रम के बारे में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। पुलिस का कहना है कि बाद में युवती ने तीन लोगों द्वारा मारपीट करने और करंट लगाने की बात बताई।
जिंदगी की जंग हारा अभिषेक
घटना के बाद अभिषेक की हालत लगातार गंभीर बनी रही। नागपुर में उपचार के दौरान 16 सितंबर को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
तीन गिरफ्तार, युवती का इलाज जारी
पुलिस ने मामले में चमरालाल उर्फ भूरा मरावी (56), लालसिंह उर्फ नरबद मरावी (27) और सुशील कुमार उर्फ शुक्लू मरावी (करीब 29-30 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच में तीनों की घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। न्यायालय ने तीनों को जेल भेज दिया।घटना में घायल युवती का भी इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद उसका परिवार उसे घर ले गया था। बाद में उसकी स्वास्थ्य स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी मिलने पर महिला पुलिस बल की मदद से उसे नैनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अब युवती के बयान, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों को जांच में शामिल कर रही है।
इनका कहना है …
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चमरू सिंह ,लाल सिंह व सुशील कुमार को आरोपी बनाया गया है पीड़ित युवक अभिषेक धुर्वे की 16 सितंबर को मौत हो गई थी विवेचना जारी है।
शिवकुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मंडला






