कुठला में आपसी विवाद को लेकर युवक पर चाकू से हमला, पूरे क्षेत्र में हड़कंप, घायल युवक की हालत गंभीर

कटनी, यशभारत। बस स्टैंड पुलिस चौकी के अंतर्गत कुठला बस्ती में चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक किसी आपसी विवाद को लेकर क्षेत्र में रहने वाले युवक प्रभु पटेल पर चाकू से हमला कर दिया गया। जिससे युवक को पेट में सांघेतिक चोटें आई है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि आरोपी युवक रोज यहां पर बैठकर नशा करते हैं और आज मना करने पर सब्जी का ठेला पलटा दिया, इसके बाद चाकू से हमला कर दिया गया। लोगों ने बताया कि वारदात में जितेंद्र यादव सहित अन्य युवक शामिल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर रिफर किया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंची। कोतवाली टीआई राखी पांडेय ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।







