जबलपुरमध्य प्रदेश

चाकूबाजी के मामले में दो नाबालिग अभिरक्षा में, सीसीटीवी से खुला राज

मामूली कहासुनी में दिया था वारदात को अंजाम

जबलपुर,यश भारत। रांझी थाना क्षेत्र में अंशु चौधरी पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है। मेजर किराना स्टोर के पीछे गली में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो नाबालिग अंशु पर हमला करते दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों को अभिरक्षा में लिया।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हमले में अंशु चौधरी गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ घटना की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में वारदात के दौरान दो नाबालिगों की मौजूदगी और हमले में उनकी कथित भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि अंशु और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और अंशु पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद दोनों मौके से चले गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और हमले में इस्तेमाल हथियार कहां से आया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। दोनों नाबालिगों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button