सागर-दमोह मार्ग पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार बस और कार की जोरदार भिड़ंत, मां-बेटे समेत तीन की मौत…. देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत l बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर-दमोह मार्ग स्थित चनाटोरिया टोल प्लाजा के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस और कार के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मां, बेटा और उनके मामा शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार सवार तीनों लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर बहेरिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। बहेरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है और बस चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







